ट्रंप ने हमास के निशस्त्रीकरण के ऐतिहासिक समझौते का किया ऐलान

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गाजा में हमास और अन्य सभी सशस्त्र समूहों के निशस्त्रीकरण के एक ऐतिहासिक समझौते की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह समझौता संघर्ष को खत्म करने और उस इलाके में एक नई फिलिस्तीनी सरकार का गठन करने की दिशा में एक बड़ा कदम होगा।
अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफ़ॉर्म पर गुरुवार को घोषणा करते हुए श्री ट्रंप ने कहा कि यह समझौता उनकी अध्यक्षता वाले इंटरनेशनल बोर्ड ऑफ़ पीस द्वारा किया गया है और इसे सावधानीपूर्वक तैयार किए गए चरणों में लागू किया जाएगा।
श्री ट्रंप ने लिखा, आज, इंटरनेशनल बोर्ड ऑफ़ पीस ने गाज़ा में हमास और अन्य सभी हथियारबंद गुटों के पूरी तरह से निशस्त्रीकरण के लिए एक ऐतिहासिक समझौते पर सहमति बनाई है। यह स्थायी शांति और सुरक्षा की दिशा में एक बहुत बड़ा कदम है।
श्री ट्रंप ने कहा कि यह समझौता इजऱायल की सुरक्षा चिंताओं को ध्यान में रखते हुए गाज़ा के शासन-प्रणाली को बुनियादी रूप से बदल देगा।
उन्होंने कहा, यह समझौता गाज़ा में एक नई फि़लिस्तीनी सरकार के शासन की दिशा में एक अहम कदम है, जो फि़लिस्तीनियों की मदद के लिए बोर्ड ऑफ़ पीस के साथ मिलकर काम करेगी। साथ ही, इजऱायल को वह सुरक्षा मिलेगी जिसका वह हकदार है क्योंकि गाज़ा का इस्तेमाल अब आतंकी हमलों के अड्डे के तौर पर नहीं किया जाएगा।
श्री ट्रंप के अनुसार, यह समझौता चरणों में लागू किया जाएगा। जैसे-जैसे निरस्त्रीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी इजऱायली सेनाएं गाज़ा से हट जाएंगी और एक अंतरराष्ट्रीय स्थिरता बल सुरक्षा की ज़िम्मेदारी संभालेगा, जो हाल ही में गठित फि़लिस्तीनी पुलिस बल के साथ मिलकर काम करेगा।
श्री ट्रंप ने इस बात पर भी बल दिया कि सात अक्टूबर जैसा हमला दोबारा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि इस समझौते के तहत, गाज़ा आखिरकार एक ऐसी नई फि़लिस्तीनी सरकार के हाथों में होगा जो अपने लोगों की सेवा करेगा।
इस घटनाक्रम को अपनी शांति पहल में एक अहम पड़ाव बताते हुए श्री ट्रंप ने मिस्र, कतर और तुर्की के साथ-साथ अपने प्रशासन के सदस्यों को धन्यवाद दिया जिन्होंने इस समझौते को कराने में मदद की।