नई दिल्ली। कॉकroach जनता पार्टी (CJP) ने 5 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में शांतिपूर्ण विरोध मार्च निकालने का ऐलान किया है। पार्टी के अनुसार मार्च इंडिया गेट से शुरू होकर नई दिल्ली स्थित दिल्ली पुलिस मुख्यालय तक जाएगा। CJP ने देशभर के छात्रों, युवाओं और युवा संगठनों से इसमें शामिल होने की अपील की है।
CJP का कहना है कि केंद्र सरकार ने 25 जुलाई को युवाओं के साथ जिन मुद्दों पर आश्वासन दिया था, उन्हें अब तक पूरी तरह लागू नहीं किया गया है। पार्टी विशेष रूप से प्रदर्शनकारियों और छात्रों के खिलाफ दर्ज FIR वापस लेने या उन्हें रद्द करने की मांग को लेकर सरकार पर देरी का आरोप लगा रही है। CJP का दावा है कि इन्हीं आश्वासनों के बाद पहले देशव्यापी आंदोलन को सद्भावना के आधार पर वापस लिया गया था।
पार्टी के मुताबिक 5 सितंबर के मार्च में उन NEET पीड़ितों के परिवार भी शामिल होंगे, जिन्होंने आंदोलन के दौरान अपने परिजनों को खोया, साथ ही कथित पुलिस बर्बरता का सामना करने वाले लोग भी मार्च का हिस्सा होंगे। CJP ने इसे शांतिपूर्ण प्रदर्शन बताया है और देशभर के युवा नागरिकों से बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया है।
CJP का आरोप है कि 25 जुलाई के बाद सरकार ने अपने आश्वासनों को लागू करने के बजाय तकनीकी प्रक्रियाओं का हवाला देकर मामले को टालने की कोशिश की। पार्टी ने यह भी कहा है कि सुप्रीम कोर्ट के समक्ष प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज FIR से संबंधित जानकारी देने के मुद्दे पर भी सरकार से स्पष्ट कार्रवाई की अपेक्षा है। CJP ने चेतावनी दी है कि युवाओं की ओर से दिखाई गई सद्भावना को कमजोरी नहीं समझा जाना चाहिए।
5 सितंबर का यह मार्च ऐसे समय हो रहा है जब CJP और सरकार के बीच प्रदर्शनकारियों की मांगों को लेकर मतभेद फिर सामने आए हैं। पार्टी की घोषणा के बाद दिल्ली में प्रस्तावित मार्च को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी नजर बनी हुई है। वहीं CJP का कहना है कि उसका आंदोलन शांतिपूर्ण रहेगा और इसमें देशभर से छात्र एवं युवा भाग लेंगे।







