चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने संगरूर जिले में नशा-विरोधी कार्यकर्ता मोहनजीत सिंह के साथ कथित पुलिस ज्यादती के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) का दरवाजा खटखटाया है। वड़िंग ने मामले की स्वतंत्र और समयबद्ध जांच कराने की मांग की है।
मामला मुख्यमंत्री भगवंत मान के गांव शेरों में 2 सितंबर को हुए कार्यक्रम से जुड़ा है। बताया गया है कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले मोहनजीत सिंह ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान विरोध प्रदर्शन किया और काला झंडा दिखाया था। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया।
मोहनजीत सिंह ने आरोप लगाया है कि पुलिस हिरासत के दौरान उनके साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट की गई और बिजली के झटके दिए गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि उन्हें जबरन नशीला पदार्थ दिया गया।
राजा वड़िंग ने इन आरोपों को गंभीर बताते हुए NHRC से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने भी मामले की जांच की मांग उठाई है।








