\n \n\n\n\n\n\n\n\n\n\n\n\n\n\n
HomeWorldसिंगापुर में राजनीतिक पदों के वेतन में बदलाव को मंजूरी, पीएम लॉरेंस...

सिंगापुर में राजनीतिक पदों के वेतन में बदलाव को मंजूरी, पीएम लॉरेंस वोंग दान करेंगे बढ़ी हुई राशि

प्रकाशित: 8 Sep 2026, 1:00 PMअपडेट: 8 Sep 2026, 1:00 PMपढ़ने का समय: 2 मिनट
शेयर करेंFacebookX
90 views

सिंगापुर। सिंगापुर सरकार ने राजनीतिक पदों पर बैठे लोगों के वेतन में बदलाव को मंजूरी दे दी है। इसके तहत प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग का सालाना वेतन पैकेज 2.2 मिलियन सिंगापुर डॉलर से बढक़र 3.6 मिलियन सिंगापुर डॉलर हो जाएगा। यह करीब 64 प्रतिशत की बढ़ोतरी है और 3.6 मिलियन सिंगापुर डॉलर लगभग 2.85 मिलियन अमेरिकी डॉलर के बराबर है।
प्रधानमंत्री वोंग ने मंगलवार को संसद में सरकार के फैसले की जानकारी दी। नया वेतन ढांचा 15 अक्टूबर 2026 से लागू होगा। सरकार ने स्वतंत्र समिति की वेतन समीक्षा की सिफारिशों को स्वीकार किया है, लेकिन मंत्रियों के वेतन को प्रस्तावित अधिकतम स्तर तक एक साथ बढ़ाने के बजाय चरणबद्ध तरीके से लागू करने का फैसला किया है।
सरकार के अनुसार, मंत्रियों और अन्य राजनीतिक पदाधिकारियों के वेतन में फिलहाल एकमुश्त अधिकतम 9 प्रतिशत तक की वृद्धि की जाएगी। इसके बाद वेतन में बदलाव संबंधित पदाधिकारी के प्रदर्शन और जिम्मेदारियों के आधार पर किया जाएगा।
सिंगापुर सरकार का कहना है कि राजनीतिक पदों के लिए प्रतिस्पर्धी वेतन का उद्देश्य योग्य लोगों को राजनीति में आकर्षित करना और भ्रष्टाचार के जोखिम को कम करना है। हालांकि, देश में मंत्रियों के पहले से ही ऊंचे वेतन को लेकर सार्वजनिक बहस भी होती रही है।
वोंग ने कहा है कि प्रधानमंत्री के रूप में उनके वेतन में होने वाली अतिरिक्त राशि को वह अगले पांच वर्षों तक दान करेंगे, बशर्ते वह इस अवधि में प्रधानमंत्री पद पर बने रहें।
सिंगापुर में मंत्रियों के वेतन में पिछली बड़ी कटौती 2012 में की गई थी। इसके बाद 2017 में समीक्षा हुई, लेकिन वेतन बढ़ाने की सिफारिश लागू नहीं की गई। 2023 में प्रस्तावित समीक्षा भी आर्थिक परिस्थितियों के कारण टाल दी गई थी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!

Most Popular

Recent Comments

SANDHYADEEP

मुख्य श्रेणियां