भुवनेश्वर। ओडिशा के तट से दूर बंगाल की खाड़ी में पनामा-ध्वज वाला मालवाहक जहाज ‘एमवी ओशन विनर’ डूब गया। जहाज पर कुल 24 चालक दल के सदस्य सवार थे, जिनमें 20 चीनी, तीन म्यांमार और एक बांग्लादेशी नागरिक शामिल थे। भारतीय तटरक्षक बल के अनुसार हादसे के बाद दो लोगों को लाइफ राफ्ट से बचा लिया गया है, जबकि बाकी चालक दल की तलाश के लिए अभियान जारी है।
जानकारी के मुताबिक जहाज ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से लौह अयस्क लेकर सिंगापुर जा रहा था। रिपोर्टों के अनुसार यह पोत पारादीप से 20 अगस्त की रात रवाना हुआ था और करीब 240 समुद्री मील दूर बंगाल की खाड़ी में डूब गया।
भारतीय समुद्री बचाव समन्वय केंद्र को 22 अगस्त को जहाज से संपर्क टूटने की सूचना मिली। इसके बाद भारतीय तटरक्षक बल और नौसेना ने संयुक्त खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया। आसपास मौजूद अन्य जहाजों को भी तलाश और बचाव में मदद के लिए सतर्क किया गया।
तटरक्षक बल ने बताया कि अब तक दो लोगों को अलग-अलग लाइफ राफ्ट से सुरक्षित निकाला गया है। शेष चालक दल के सदस्यों की तलाश जारी है। जहाज के डूबने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है और इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जहाज लौह अयस्क लेकर जा रहा था। बचाव अभियान के दौरान समुद्र की स्थिति और घटनास्थल की दूरी को देखते हुए भारतीय एजेंसियां अन्य जहाजों के साथ मिलकर तलाश जारी रखे हुए हैं।








