15 views
श्रीगंगानगर। नाबालिग से कथित गैंगरेप की घटना के बाद होटल संचालन में सामने आई अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। जिला कलक्टर के निर्देश पर नगर परिषद की टीम ने शहर के दो होटलों को सीज कर दिया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों होटलों को बंद कर सील लगाने की प्रक्रिया पूरी की गई।
नगर परिषद आयुक्त मिलखराज चुघ ने बताया कि बस स्टैंड के सामने स्थित होटल वेलकम तथा मिनी मायापुरी क्षेत्र में स्थित होटल स्टार किंग के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। प्रारंभिक जांच में होटल संचालन से संबंधित विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं सामने आने के बाद प्रशासन ने दोनों प्रतिष्ठानों को सीज करने का निर्णय लिया।
प्रशासन का कहना है कि हाल ही में सामने आए नाबालिग से गैंगरेप के मामले के बाद जिले में होटल, लॉज और गेस्ट हाउसों के संचालन की गहन जांच की जा रही है। इसी क्रम में संबंधित विभागों द्वारा दस्तावेजों, लाइसेंस, सुरक्षा प्रबंधों तथा अन्य आवश्यक नियमों के पालन की समीक्षा की जा रही है।
नगर परिषद अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि होटल संचालकों को निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य है। जिन प्रतिष्ठानों में नियमों की अनदेखी, आवश्यक अनुमति का अभाव या अन्य गंभीर खामियां पाई जाएंगी, उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद होटल व्यवसायियों में भी हलचल देखी गई। कई होटल संचालकों ने अपने दस्तावेजों और लाइसेंस संबंधी औपचारिकताओं को दुरुस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में शहर के अन्य होटलों, गेस्ट हाउसों और लॉजों का भी निरीक्षण जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी होटल या गेस्ट हाउस में संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दें या नियमों का उल्लंघन होता नजर आए तो इसकी सूचना संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
📧 Sandhyadeep Newsletter
नई और महत्वपूर्ण खबरें सीधे अपने ईमेल पर पाएं।
Subscribe करने के बाद confirmation email आएगा।












