श्रीगंगानगर। पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबे समय से अपनी विश्वसनीय पहचान बनाए हुए सांध्यदीप ने डिजिटल मीडिया की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए ‘सांध्यदीप वल्र्ड’ (www.sandhyadeep.world) का शुभारंभ कर दिया है। ‘आज का समाचार, अभी की धारणा’ के मूल मंत्र के साथ शुरू किए गए इस डिजिटल समाचार मंच का उद्देश्य पाठकों तक तेज, निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्लेषणात्मक समाचार पहुंचाना है।
सांध्यदीप वल्र्ड पर पाठकों को केवल समाचार ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, राज्य, स्थानीय, राजनीति, प्रशासन, अपराध, व्यापार, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, विज्ञान, तकनीक, पर्यावरण, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर गहन विश्लेषण भी उपलब्ध कराया जाएगा। बदलते डिजिटल युग में पाठकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इस पोर्टल को आधुनिक तकनीक और सरल उपयोगकर्ता अनुभव के साथ विकसित किया गया है।
संपादक सतीश बेरी ने बताया कि आज के दौर में समाचारों की गति जितनी तेज हुई है, उतनी ही आवश्यकता उनकी सत्यता और निष्पक्षता की भी बढ़ गई है। इसी सोच के साथ सांध्यदीप वल्र्ड की शुरुआत की गई है, ताकि पाठकों को अफवाहों से दूर रखते हुए प्रमाणिक और संतुलित जानकारी उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि यह मंच केवल खबरें देने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विभिन्न मुद्दों पर विशेषज्ञों की राय, विशेष रिपोर्ट, ग्राउंड रिपोर्ट, एक्सक्लूसिव समाचार और तथ्य आधारित विश्लेषण भी नियमित रूप से प्रकाशित करेगा।
उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से देश-दुनिया में बसे श्रीगंगानगर और राजस्थान के लोगों को अपने क्षेत्र की गतिविधियों से जोड़े रखना भी इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है। साथ ही राष्ट्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों को स्थानीय दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे पाठकों को व्यापक और संतुलित परिप्रेक्ष्य मिल सके।
सांध्यदीप वल्र्ड पर ब्रेकिंग न्यूज के साथ-साथ वीडियो रिपोर्ट, फोटो गैलरी, विशेष लेख, संपादकीय, साक्षात्कार और जनहित से जुड़े विषयों को भी प्रमुखता से स्थान दिया जाएगा। इसके अलावा लोकतंत्र, सुशासन, मानवाधिकार, सामाजिक न्याय और जनसमस्याओं से जुड़े मुद्दों को जिम्मेदार पत्रकारिता के साथ उठाया जाएगा।
सांध्यदीप वल्र्ड के शुभारंभ की जानकारी मिलते ही पत्रकारों, सामाजिक संगठनों, शिक्षाविदों, व्यापारिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा शुभचिंतकों ने इस नई पहल का स्वागत किया। सभी ने इसे श्रीगंगानगर सहित राजस्थान की पत्रकारिता के लिए एक सकारात्मक और महत्वपूर्ण कदम बताते हुए संपादक सतीश बेरी एवं पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।
शुभचिंतकों ने विश्वास व्यक्त किया कि सांध्यदीप वल्र्ड अपनी निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता के माध्यम से डिजिटल मीडिया में भी एक नई पहचान स्थापित करेगा तथा पाठकों के विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरेगा। उन्होंने कहा कि समाचारों की विश्वसनीयता और गहन विश्लेषण ही किसी भी समाचार मंच की सबसे बड़ी ताकत होती है और सांध्यदीप वल्र्ड उसी दिशा में अपनी यात्रा प्रारंभ कर चुका है।










