रावतसर। क्षेत्र के 3 BSR-II में आज एक दर्दनाक हादसे में सिंचाई पानी की बड़ी डिग्गी में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा सुरक्षित बच गया। हादसा IGNP कुम्भाराम आर्य लिफ्ट कैनाल के अंतर्गत स्थित सिंचाई डिग्गी में हुआ।
जानकारी के अनुसार, चारों बच्चे भेड़ चराने के लिए गए थे। इसी दौरान एक बच्चा सिंचाई डिग्गी में गिर गया। उसे बचाने के प्रयास में तीन अन्य बच्चे भी पानी में गिर गए। हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और चारों बच्चों को पानी से बाहर निकाला।
ग्रामीणों ने तीन बच्चों को अचेत अवस्था में उपचार के लिए CHC रावतसर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतकों की पहचान 18 वर्षीय बजरंग पुत्र निराणाराम गोस्वामी, 14 वर्षीय सुनील पुत्र पालाराम गोस्वामी और 15 वर्षीय कौरपाल पुत्र निराणाराम गोस्वामी, सभी निवासी बरमसर, के रूप में हुई है। वहीं 14 वर्षीय रामचन्द्र पुत्र निराणाराम गोस्वामी, निवासी बरमसर, हादसे में सुरक्षित बच गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद हनुमानगढ़ SP बी. आदित्य रावतसर ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। उन्होंने CO विक्रम चौहान और थानाधिकारी अजय गिरधर से हादसे की जानकारी ली तथा घटनाक्रम को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक बच्चों के परिवारों में कोहराम मच गया। एक ही घटना में तीन बच्चों की मौत से बरमसर सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। घटना ने सिंचाई डिग्गियों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







