विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को बिकवाली हावी रही और प्रमुख सूचकांक करीब छह सप्ताह के निचले स्तर पर बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स 473 अंक टूटकर 76,471.32 अंक पर खुला और कुछ ही देर में 800 अंक से ज्यादा लुढ़कते हुए 76,136 अंक तक उतर गया। कारोबार की समाप्ति पर यह 373.83 अंक (0.49 प्रतिशत) नीचे 76,570.35 अंक पर रहा।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 141.35 अंक यानी 0.59 प्रतिशत नीचे 23,914.45 अंक पर बंद हुआ। दोनों प्रमुख सूचकांकों का यह 24 जुलाई के बाद का निचला स्तर है।
दुनिया के लगभग सभी प्रमुख शेयर बाजारों में बिकवाली देखी गयी। भारतीय शेयर बाजारों पर भी इसका असर हुआ और निवेश धारणा कमजोर हुई। एशिया में आज जापान का निक्केई करीब तीन प्रतिशत नीचे बंद हुआ। यूरोपीय शेयर बाजार भी लाल निशान में हैं। अमेरिकी शेयर बाजारों में भी मंगलवार को गिरावट रही थी।
घरेलू स्तर पर तेल एवं गैस, रियल्टी और सार्वजनिक बैंकों को छोड़कर अन्य सभी समूहों में बिकवाली हावी रही। ऑटो और मीडिया समूहों के सूचकांक पौने दो प्रतिशत गिर गये। आईटी में 1.25 फीसदी की गिरावट रही। बैंकिंग, वित्त, एफएमसीजी, धातु, स्वास्थ्य और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों के सूचकांक भी टूट गये।
वृहत बाजार में भी निवेशकों का विश्वास कमजोर रहा। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.70 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.37 प्रतिशत फिसल गया।
एनएसई में जिन 3,630 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,072 के शेयर लाल निशान में और 1,445 के हरे निशान में रहे। अन्य 113 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित बंद हुए।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 20 के शेयरों में गिरावट रही। एशियन पेंट्स ने सबसे अधिक 1.61 प्रतिशत का नुकसान उठाया। एचडीएफसी बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर 1.56 फीसदी, एचसीएल टेक्नोलॉजीज का 1.49, बीईएल का 1.33, इंफोसिस का 1.28, भारतीय स्टेट बैंक का 1.22, इंडिगो 1.00 और हिंदुस्तान यूनीलिवर का 0.95 प्रतिशत टूट गया। टीसीएस, टेक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, मारुति सुजुकी, भारती एयरटेल, एक्सिस बैंक और इटरनल के शेयर भी उतर गये।
अडानी पोर्ट्स में 1.63 प्रतिशत की तेजी रही। बजाज फिनसर्व का शेयर 1.02 प्रतिशत, पावरग्रिड का 1.00 प्रतिशत और एनटीपीसी का 0.96 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। टाइटन, रिलायंस इंडस्ट्रीज, ट्रेंट और बजाज फाइनेंस के शेयर भी हरे निशान में रहे।
वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 2.85 प्रतिशत, चीन का शंघाई कंपोजिट 0.97 प्रतिशत और 0.07 प्रतिशत टूट गया। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.43 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.32 प्रतिशत नीचे था।







