17 views
श्रीगंगानगर। बाल सुधार गृह में गार्ड साहबराम की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में नया कानूनी मोड़ सामने आया है। तीनों आरोपित अब बालिग हो चुके हैं। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेने के लिए प्रोडक्शन वारंट हासिल कर लिए हैं। अब इन्हें बाल न्यायालय से हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार बाल सुधार गृह में बंद तीन युवकों पर गार्ड साहबराम की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक हत्या और एनडीपीएस जैसे गंभीर अपराधों से जुड़े मामलों में पहले से बाल सुधार गृह में थे। जिन मामलों में वे निरुद्ध किए गए थे, उस समय उनकी उम्र 18 वर्ष से कम थी। इसी वजह से उनके खिलाफ बाल अपचारी के रूप में बाल न्यायालय में कार्रवाई की गई और उन्हें सुधार गृह भेजा गया था।
अब तीनों की उम्र 18 वर्ष से अधिक हो चुकी है। ऐसे में साहबराम हत्याकांड में उनकी वर्तमान कानूनी स्थिति को लेकर महत्वपूर्ण बदलाव आया है। मामले की सुनवाई अब एडीजे स्तर के न्यायिक अधिकारी की अदालत में होने की संभावना है।
प्रोडक्शन वारंट हासिल, हिरासत में लेने की तैयारी : पुलिस अधीक्षक हरीशंकर ने बताया कि तीनों आरोपितों के प्रोडक्शन वारंट हासिल कर लिए गए हैं और उन्हें हिरासत में लेने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपितों से पूछताछ के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि साहबराम की हत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या था और वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया।
तीनों आरोपितों के हिरासत में आने के बाद पुलिस पूछताछ में हत्या से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवालों के जवाब सामने आने की उम्मीद है।
परिजनों ने नौकरी और मुआवजे की मांग पर दिया था धरना : गौरतलब है कि बुधवार शाम हुई वारदात के बाद मृतक साहबराम के परिजनों ने सरकारी नौकरी और मुआवजे की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया था। परिजनों ने पोस्टमार्टम करवाने के लिए भी अपनी सहमति नहीं दी थी।
इसके बाद अधिकारियों ने परिजनों से समझाइश की। पांच लाख रुपये की सहायता राशि दिए जाने के आश्वासन के बाद धरना समाप्त किया गया और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी हो सकी।
अब आगे क्या? : प्रोडक्शन वारंट हासिल होने के बाद पुलिस अब बाल न्यायालय में निरुद्ध तीनों आरोपितों को हिरासत में लेने की तैयारी कर रही है। उनकी हिरासत और पूछताछ के बाद ही मामले की तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है। अब जांच का सबसे अहम बिंदु यही है कि साहबराम की हत्या आखिर क्यों की गई और वारदात के पीछे तीनों आरोपितों की क्या भूमिका थी? पुलिस की पूछताछ और आगामी न्यायिक कार्रवाई से इन सवालों के जवाब सामने आने की उम्मीद है।
📧 Sandhyadeep Newsletter
नई और महत्वपूर्ण खबरें सीधे अपने ईमेल पर पाएं।
Subscribe करने के बाद confirmation email आएगा।










