\n \n\n\n\n\n\n\n\n\n\n\n\n\n\n
Tuesday, September 15, 2026
HomeCrimeलखूवाली फायरिंग मामले में हिस्ट्रीशीटर समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

लखूवाली फायरिंग मामले में हिस्ट्रीशीटर समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

प्रकाशित: 31 Aug 2026, 12:05 PMअपडेट: 31 Aug 2026, 12:05 PMपढ़ने का समय: 3 मिनट
शेयर करेंFacebookX
71 views

हनुमानगढ़। लखूवाली गांव में फायरिंग कर फरार हुए आरोपियों के खिलाफ हनुमानगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर इरफान खान उर्फ फान सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, पांच देशी कट्टे और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इरफान खान की गिरफ्तारी पर पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार 18 अगस्त को लखूवाली गांव में फायरिंग की सूचना मिली थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि इरफान खान और उसके साथियों ने उसकी गाड़ी रोकने का प्रयास किया, गाड़ी के शीशे पर लाठी मारी और पिस्टल से फायरिंग की। इसके बाद दोबारा रास्ता रोककर जान से मारने की नीयत से फायर किए गए। मामले में हनुमानगढ़ टाउन थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने 10 अलग-अलग टीमें गठित की थीं। हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर और बीकानेर सहित आसपास के क्षेत्रों में 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों, टोल नाकों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर रूट मैप तैयार किया गया। ड्रोन की मदद से खेतों और संभावित ठिकानों पर भी तलाशी अभियान चलाया गया।
30-31 अगस्त की मध्यरात्रि में पुलिस को सूचना मिली कि इरफान खान अपने साथी प्रियकांत उर्फ टोनी के साथ मोटरसाइकिल पर चक 22 एनडीआर की तरफ जा रहा है। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो दोनों ने बाइक से भागने का प्रयास किया, लेकिन हड़बड़ाहट में गिर गए। पुलिस ने दोनों को पकडक़र तलाशी ली, जिसमें एक पिस्टल, एक देशी कट्टा और छह जिंदा कारतूस बरामद हुए।
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जुम्मे खान, जुम्मे खान उर्फ किमा, इब्राहिम और नदीम खान को भी गिरफ्तार किया। इन आरोपियों के कब्जे से चार और देशी कट्टे तथा चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। सभी छह आरोपियों के खिलाफ आम्र्स एक्ट और बीएनएस की धाराओं में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर आगे की पूछताछ और जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार इरफान खान लखूवाली थाना क्षेत्र का हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ करीब 42 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी प्रियकांत उर्फ टोनी के खिलाफ श्रीगंगानगर जिले के विभिन्न थानों में करीब एक दर्जन मामले दर्ज बताए गए हैं। अन्य गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भी पूर्व में चोरी, मारपीट, संगठित अपराध और आम्र्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के पास इतनी बड़ी संख्या में हथियार कहां से आए और गिरोह में शामिल अन्य लोगों की भूमिका क्या है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ और हथियारों के स्रोत को लेकर जांच आगे बढ़ा दी है।

📧 Sandhyadeep Newsletter
नई और महत्वपूर्ण खबरें सीधे अपने ईमेल पर पाएं।
Subscribe करने के बाद confirmation email आएगा।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here
Captcha verification failed!
CAPTCHA user score failed. Please contact us!

Most Popular

Recent Comments

SANDHYADEEP

मुख्य श्रेणियां