श्रीगंगानगर। नगर परिषद चुनाव के नामांकन के आखिरी दिन सोमवार को शहर में चुनावी रंग पूरी तरह नजर आया। भावी पार्षद अपने समर्थकों के साथ शाही अंदाज में नामांकन दाखिल करने पहुंचे। कई प्रत्याशी ढोल की थाप के साथ जुलूस लेकर पहुंचे तो समर्थकों में भी खासा उत्साह दिखाई दिया।
जिला परिषद सभागार में सुबह से ही प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भीड़ जुटने लगी थी। पूरे दिन यहां मेले जैसा माहौल बना रहा। नामांकन प्रक्रिया को देखते हुए पुलिस का भारी जाब्ता तैनात किया गया था। पुलिस ने व्यवस्था संभालते हुए यह सुनिश्चित किया कि नामांकन के दौरान कानून व्यवस्था प्रभावित न हो।
दोपहर साढ़े तीन बजे तक नामांकन पत्र स्वीकार किए जाएंगे। इसके बाद ही तस्वीर साफ होगी कि श्रीगंगानगर नगर परिषद चुनाव में कुल कितने प्रत्याशियों ने कितने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। अंतिम दिन होने के कारण कई वार्डों में मुकाबला रोचक होने के आसार हैं।
टिकट की उम्मीद में दो-दो नामांकन सेट
टिकट को लेकर असमंजस की स्थिति के बीच कई दावेदारों ने दो-दो नामांकन सेट तैयार रखे हैं। माना जा रहा है कि जिन दावेदारों को पार्टी टिकट मिलने की उम्मीद है, वे पार्टी प्रत्याशी के साथ-साथ निर्दलीय विकल्प भी खुला रखना चाहते हैं। टिकट नहीं मिलने की स्थिति में ऐसे दावेदार निर्दलीय मैदान में उतर सकते हैं।
डमी उम्मीदवारों का भी इंतजाम
कुछ दावेदारों ने अपने परिवार के सदस्यों को डमी उम्मीदवार के रूप में भी नामांकन दाखिल करवाया है। इसके पीछे रणनीति यह है कि यदि मुख्य प्रत्याशी का नामांकन किसी तकनीकी कारण से निरस्त हो जाए तो परिवार का उम्मीदवार मैदान में मौजूद रहे और चुनावी मुकाबला जारी रखा जा सके।
करीब 12 साल पहले नामांकन निरस्त होने के बाद सामने आए एक विवाद को भी स्थानीय राजनीतिक हलकों में याद किया जा रहा है। इस बार प्रत्याशी नामांकन पत्र में किसी तरह की गलती न रह जाए, इसे लेकर खास सावधानी बरत रहे हैं।
अब निगाह नामांकन जांच पर
नामांकन दाखिल होने के बाद अब सभी की निगाह नामांकन पत्रों की जांच पर रहेगी। खासकर पार्टी टिकट हासिल करने वाले प्रत्याशियों के नामांकन को लेकर यह देखना अहम होगा कि दस्तावेजों और प्रक्रिया में कहीं कोई त्रुटि तो नहीं रह गई। इसके बाद ही नगर परिषद चुनाव के मैदान की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।
शाही अंदाज में नामांकन भरने पहुंचे भावी पार्षद; ढोल की थाप पर निकले प्रत्याशी, जिला परिषद सभागार में दिनभर मेले जैसा माहौल
29 views
📧 Sandhyadeep Newsletter
नई और महत्वपूर्ण खबरें सीधे अपने ईमेल पर पाएं।
Subscribe करने के बाद confirmation email आएगा।
RELATED ARTICLES







