हनुमानगढ़। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भादरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक करोड़ रुपये कीमत की चंडीगढ़ निर्मित अवैध शराब की खेप पकड़ी है। पुलिस ने ट्रक से 530 पेटी शराब बरामद कर दो कथित शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार शराब तस्करी का यह नेटवर्क अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय था। आरोपी चंडीगढ़ से अवैध शराब को ट्रक के माध्यम से गुजरात पहुंचाने की तैयारी में थे। पुलिस से बचने के लिए शराब की पेटियों को फोम के गद्दों की आड़ में छिपाया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रक को पकड़ा और तलाशी के दौरान फोम के गद्दों के पीछे छिपाकर रखी गई शराब की बड़ी खेप बरामद की।
पुलिस ने इस कार्रवाई में नेठराना, गोगामेड़ी निवासी दलीप उर्फ दीपु और विक्रम को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप चंडीगढ़ से किसके माध्यम से रवाना हुई थी और गुजरात में इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
दोनों आरोपियों का रहा है शराब तस्करी का रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी दलीप उर्फ दीपु के खिलाफ पूर्व में गुजरात राज्य के कटवारा पुलिस थाने में शराब तस्करी का प्रकरण दर्ज है। वह कुछ माह पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। इसके बावजूद वह कथित रूप से दोबारा शराब तस्करी के नेटवर्क में सक्रिय हो गया।
इसी तरह दूसरे गिरफ्तार आरोपी विक्रम के खिलाफ भी शराब तस्करी का पूर्व मामला दर्ज बताया गया है। उसके खिलाफ पाली जिले के रोहट थाने में शराब तस्करी का प्रकरण दर्ज है। वह भी कुछ माह पूर्व जमानत पर बाहर आया था।
पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
भादरा पुलिस अब केवल पकड़ी गई शराब की खेप तक सीमित न रहकर इसके पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस यह जानकारी जुटा रही है कि शराब की सप्लाई में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, ट्रक किसके नाम पर है तथा शराब की खरीद और गुजरात तक पहुंचाने की व्यवस्था किसने की थी।
पुलिस के अनुसार इस तस्करी गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ और विस्तृत अनुसंधान जारी है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
हनुमानगढ़ पुलिस ने कहा है कि अंतरराज्यीय शराब तस्करी की प्रभावी रोकथाम के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। जिले में अवैध शराब की तस्करी और परिवहन पर नजर रखते हुए पुलिस द्वारा आगे भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।






