पठानकोट। कनाडा के कैलगरी में पठानकोट निवासी 24 वर्षीय युवक हरजस सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना कैलगरी के कॉर्नरस्टोन बुलेवर्ड के 1100 ब्लॉक में हुई। पुलिस को रविवार देर रात गोली चलने की सूचना मिली थी।
कैलगरी पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर पहुंचने पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। पुलिस ने मामले को संदिग्ध मौत और लक्षित हमले के तौर पर जांच के दायरे में लिया है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और किसी आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी नहीं है।
भारतीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार मृतक की पहचान पठानकोट निवासी हरजस सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हरजस करीब तीन महीने पहले रोजगार की तलाश में अमेरिका गया था और वहां एक स्टोर में काम कर रहा था।
रिपोर्टों के मुताबिक, किसी काम के सिलसिले में हरजस कनाडा के कैलगरी पहुंचा था। इसी दौरान कॉर्नरस्टोन इलाके में अज्ञात व्यक्ति ने उस पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल हरजस की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच कर रही है। हमलावर की पहचान और हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
कैलगरी पुलिस ने लोगों से घटना से जुड़ी कोई भी जानकारी होने पर जांचकर्ताओं से साझा करने की अपील की है। वहीं, हरजस की मौत की खबर से पठानकोट स्थित उसके परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।
कनाडा के कैलगरी में पठानकोट के 24 वर्षीय युवक हरजस सिंह की गोली मारकर हत्या
22 views
📧 Sandhyadeep Newsletter
नई और महत्वपूर्ण खबरें सीधे अपने ईमेल पर पाएं।
Subscribe करने के बाद confirmation email आएगा।








