श्रीगंगानगर। शहर की प्रमुख और तेजी से विकसित हो रही कॉलोनियों में शामिल राधे इन्कलेव अब आवासीय सुविधा के साथ व्यापारिक गतिविधियों के लिहाज से भी नया केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। कॉलोनी के सामने सड़क के दाईं ओर एक सुव्यवस्थित मार्केट का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। आकर्षक डिजाइन और बेहतर आकार में तैयार की जा रही दुकानों के कारण मार्केट का स्वरूप भी लगातार भव्य होता जा रहा है।

राधे इन्कलेव के डवलपर हेमंत सिंघल के अनुसार कॉलोनी को विकसित करते समय बाशिंदों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। कॉलोनी में खेलकूद और अन्य गतिविधियों के लिए भी पर्याप्त महत्व दिया जा रहा है। मीरा चौक से कुछ ही दूरी पर स्थित राधे इन्कलेव में विभिन्न आकार के भूखंड हैं और बड़ी संख्या में परिवार यहां निवास करने लगे हैं। वहीं अनेक मकानों का निर्माण भी तेजी से जारी है।
अब मार्केट के निर्माण से राधे इन्कलेव के बाशिंदों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। किराना, घरेलू उपयोग की वस्तुओं और अन्य आवश्यक सामान की दुकानें आसपास ही उपलब्ध हो सकेंगी। यही कारण है कि इस मार्केट को कॉलोनी की सुविधा का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। इसे ‘बाईं ओर मकान और दाईं ओर दुकान’ की सुविधाजनक अवधारणा के रूप में भी देखा जा सकता है।
मार्केट की एक खासियत दुकानों का आकार भी है। पर्याप्त जगह होने के कारण दुकानदारों को अतिरिक्त गोदाम की जरूरत कम पड़ने की संभावना है। इससे दुकान और स्टोरेज दोनों की जरूरत एक ही स्थान पर पूरी की जा सकेगी। आसपास पहले से विकसित हो रही अन्य कॉलोनियों के कारण मार्केट में लोगों की आवाजाही भी बनी रहने की उम्मीद है।
राधे इन्कलेव के भीतर व्यावसायिक गतिविधियां नहीं रखी गई हैं। इसके पीछे आवासीय क्षेत्र का शांत और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने की सोच बताई जा रही है। अन्य कॉलोनियों में व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ने के बाद चोरी सहित सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं के अनुभव को देखते हुए यहां आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्र को अलग रखा गया है।
लोकेशन की दृष्टि से भी राधे इन्कलेव और इसके सामने विकसित हो रहा मार्केट महत्वपूर्ण स्थान पर है। निर्माणाधीन नया मिनी सचिवालय नजदीक है। पुरानी शुगर मिल परिसर में जीएसटी भवन और कोर्ट कॉम्प्लेक्स का निर्माण भी क्षेत्र के विकास को नई गति देने वाला है। न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं के चैम्बर निर्माण के लिए 18 करोड़ रुपये की राशि मंजूर हो चुकी है। वाणिज्य कर भवन का निर्माण पूरा होने के बाद फिलहाल फिनिशिंग का काम चल रहा है।
इन सरकारी और संस्थागत परियोजनाओं के पूरा होने के साथ आने वाले समय में इस क्षेत्र में लोगों की आवाजाही और व्यावसायिक गतिविधियों में वृद्धि होने की संभावना है। ऐसे में राधे इन्कलेव के सामने विकसित हो रहा मार्केट केवल कॉलोनी के बाशिंदों की जरूरत पूरी करने वाला बाजार ही नहीं, बल्कि आसपास के बढ़ते आवासीय क्षेत्र के लिए भी एक उपयोगी व्यापारिक केंद्र बनने की क्षमता रखता है।



