वॉशिंगटन। अमेरिकी विदेश विभाग ने दुनियाभर में अप्रवासी (Imigrant) वीजा के अपॉइंटमेंट अस्थायी रूप से रोक दिए हैं। अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि यह कदम कांसुलर अधिकारियों के लिए एक नए वैश्विक प्रशिक्षण कार्यक्रम को लागू करने के लिए उठाया गया है। प्रशिक्षण में अधिकारियों को ऐसे वीजा आवेदकों की बेहतर जांच करने की प्रक्रिया सिखाई जाएगी, जिनके अमेरिका में सार्वजनिक सहायता पर निर्भर होने की आशंका हो।
विदेश विभाग के अनुसार, कांसुलर अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है कि वीजा आवेदक अमेरिकी कानून के तहत ‘पब्लिक चार्ज’ न बनें और अमेरिका में सरकारी लाभों पर निर्भर होने की संभावना न हो। विभाग ने कहा है कि प्रशिक्षण के बाद अधिकारियों द्वारा आवेदनों का मूल्यांकन अधिक व्यापक और एक समान तरीके से किया जा सकेगा।
इस फैसले का असर मुख्य रूप से अमेरिका में स्थायी रूप से बसने के लिए आवेदन करने वाले अप्रवासी वीजा आवेदकों पर पड़ेगा। यह कदम पर्यटक, छात्र और अन्य गैर-अप्रवासी वीजा श्रेणियों पर लागू नहीं है। यानी इसे दुनिया भर के सभी अमेरिकी वीजा आवेदनों पर पूर्ण रोक के रूप में नहीं समझा जाना चाहिए।
रिपोर्टों के अनुसार, जिन आवेदकों के अप्रवासी वीजा इंटरव्यू पहले से निर्धारित थे, उन्हें अपॉइंटमेंट स्थगित किए जाने की सूचना दी गई है। नई तारीख कब मिलेगी, इस बारे में अभी स्पष्ट समयसीमा नहीं बताई गई है।
यह फैसला ट्रंप प्रशासन की कड़ी इमिग्रेशन नीति के बीच आया है। अमेरिकी विदेश विभाग पहले ही कुछ देशों के नागरिकों के लिए ‘पब्लिक चार्ज’ से जुड़े नियमों के तहत वीजा जारी करने पर रोक और कुछ मामलों में पब्लिक चार्ज बॉन्ड की व्यवस्था लागू कर चुका है।
अमेरिका ने दुनिया भर में वीजा अपॉइंटमेंट रोके, ट्रंप प्रशासन ने स्टाफ ट्रेनिंग को बताया वजह
81 views
📧 Sandhyadeep Newsletter
नई और महत्वपूर्ण खबरें सीधे अपने ईमेल पर पाएं।
Subscribe करने के बाद confirmation email आएगा।








