श्रीगंगानगर। भारत में लापता हुए लोगों तथा लावारिस हालत में मिले व्यक्तियों की जानकारी को एक स्थान पर सार्वजनिक रूप से उपलब्ध कराने के लिए सांध्यदीप.वल्र्ड (sandhyadeep.world) ने एक नई पहल शुरू की है। इस पहल के माध्यम से लापता बच्चों, महिलाओं और पुरुषों की जानकारी ऑनलाइन दर्ज की जा सकेगी। इसी तरह लावारिस या अज्ञात अवस्था में मिले व्यक्तियों का रिकॉर्ड भी उपलब्ध कराया जा सकेगा।
इस सुविधा की खास बात यह है कि इसके लिए संबंधित व्यक्ति को किसी कार्यालय में जाने की आवश्यकता नहीं होगी। मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन फार्म भरकर लापता या मिले हुए व्यक्ति की जानकारी दर्ज की जा सकेगी। इससे सूचना को डिजिटल रूप में सुरक्षित रखने और जरूरत पड़ने पर उसे आसानी से उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
सांध्यदीप.वल्र्ड की इस पहल में आधुनिक तकनीक के माध्यम से अलग-अलग स्थानों पर दर्ज की गई जानकारी के बीच संभावित मिलान की सुविधा विकसित की जा रही है। उदाहरण के तौर पर यदि श्रीगंगानगर से कोई व्यक्ति लापता होता है और देश के किसी दूसरे हिस्से में मिलता है, तो दोनों स्थानों से दर्ज की गई जानकारी के आधार पर सिस्टम संभावित मैच की पहचान करने में मदद कर सकता है। पुष्टि होने पर संबंधित परिजनों तक सूचना पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
सांध्यदीप.वल्र्ड का कहना है कि समाचारों के साथ सामाजिक सरोकारों को भी प्राथमिकता देने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की गई है। इसका लक्ष्य लापता और मिले हुए व्यक्तियों से संबंधित सूचनाओं को व्यवस्थित डिजिटल रिकॉर्ड के रूप में उपलब्ध कराना है, ताकि जरूरत पड़ने पर परिवारों और संबंधित लोगों को जानकारी मिल सके।
हालांकि, यह स्पष्ट रहेगा कि सांध्यदीप.वल्र्ड एक रिकॉर्ड संधारित करने वाला वेबपोर्टल है, खोज या जांच करने वाली संस्था नहीं। लापता व्यक्ति की वास्तविक तलाश, पहचान की पुष्टि तथा कानूनी कार्रवाई संबंधित परिवार, पुलिस और सक्षम सरकारी एजेंसियों के अधिकार क्षेत्र में ही रहेगी।
इस पहल के माध्यम से सांध्यदीप.वल्र्ड समाचार सेवा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में अपनी भूमिका मजबूत करने की दिशा में प्रयास कर रहा है।



