हनुमानगढ़। टिब्बी क्षेत्र में चोरी के शक में एक युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। घटना में दो अन्य युवक भी घायल हुए हैं। मृतक की पहचान नगराना निवासी महेंद्र राम के रूप में बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, दौलतपुरा-मल्लडख़ेड़ा रोही क्षेत्र में तार चोरी के संदेह को लेकर सोमवार देर रात करीब 12 बजे के बाद कुछ लोगों ने युवकों के साथ मारपीट की। इस दौरान महेंद्र राम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए।
घायलों को टिब्बी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। मृतक का शव टिब्बी अस्पताल की मॉच्र्युरी में रखवाया गया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद टिब्बी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। संगरिया सीओ के अनुसार, पुलिस को घटना की जानकारी 112 पर कॉल के माध्यम से मिली थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और मारपीट की पूरी घटना तथा इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
फिलहाल घटना के पीछे चोरी के शक से जुड़ा विवाद बताया जा रहा है। पुलिस की जांच और आधिकारिक पुष्टि के बाद ही घटना के अन्य तथ्यों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
हनुमानगढ़ के टिब्बी में चोरी के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, दो घायल
83 views
📧 Sandhyadeep Newsletter
नई और महत्वपूर्ण खबरें सीधे अपने ईमेल पर पाएं।
Subscribe करने के बाद confirmation email आएगा।
RELATED ARTICLES







