श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर नगर परिषद चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी में टिकट वितरण से पहले ही कार्यकर्ताओं की नाराजगी सामने आने लगी है। पार्टी के भीतर संभावित प्रत्याशियों के नामों को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है और कुछ वार्डों में टिकट को लेकर कार्यकर्ताओं में असंतोष बताया जा रहा है।

एक भाजपा कार्यकर्ता के अनुसार वार्ड संख्या 41 सहित वार्ड 40, 46 और 21 आदि में अन्य वर्ग के प्रत्याशियों को टिकट दिए जाने के संकेत मिले हैं। संबंधित कार्यकर्ताओं को नामांकन दाखिल करने की तैयारी के लिए भी कहा गया है। इन वार्डों को अनारक्षित बताया जा रहा है, जिसके चलते स्थानीय कार्यकर्ताओं में इस संभावित निर्णय को लेकर नाराजगी बढ़ी है।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि अनारक्षित वार्डों में वर्ग विशेष के प्रत्याशियों को प्राथमिकता दी जाती है तो लंबे समय से पार्टी के लिए काम कर रहे सामान्य वर्ग के कार्यकर्ताओं की दावेदारी प्रभावित होगी। इसी को लेकर पार्टी के स्थानीय स्तर पर असंतोष की स्थिति बनने की चर्चा है। हालांकि अभी तक किसी प्रत्याशी के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
भाजपा के जिलाध्यक्ष शरणपाल सिंह ने स्पष्ट किया कि अभी टिकटों को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को टिकटों को लेकर चर्चा हुई थी, लेकिन अंतिम निर्णय अभी बाकी है। ऐसे में फिलहाल सामने आ रहे नामों और दावेदारियों को संभावित सूची के रूप में ही देखा जाना चाहिए।
जिलाध्यक्ष ने यह भी कहा कि सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित नहीं होने वाले वार्डों में ओबीसी अथवा अन्य वर्ग के प्रत्याशियों को टिकट दिए जाने के मामले में विशेष निगरानी रखी जाएगी। पार्टी स्तर पर सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर टिकट वितरण करने की बात कही गई है।
अब सबकी नजर भाजपा की अंतिम सूची पर टिकी है। नामांकन की अंतिम तारीख नजदीक आने के साथ ही टिकट के दावेदारों और उनके समर्थकों की सक्रियता बढ़ने की संभावना है। टिकटों की घोषणा के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि पार्टी ने अनारक्षित वार्डों में किसे मैदान में उतारा है और नाराज कार्यकर्ताओं का रुख क्या रहता है।







