देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात तेज बरसाती बहाव के बीच एक कार अनियंत्रित होकर पानी में बह गई। हादसे के वक्त कार में एक युवक और दो युवतियां सवार थीं। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और अंधेरे व तेज बहाव के बीच रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया।
हादसा थाना प्रेमनगर क्षेत्र के लोअर कंडोली, पौंधा रोड स्थित कंडोली पुल के पास हुआ। पुलिस को देर रात कार के तेज बरसाती बहाव में बहने की सूचना मिली। इसके बाद डाकपत्थर से अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
कार में जयपुर, राजस्थान निवासी 20 वर्षीय अक्षय पुत्र मुकेश और दो युवतियां सवार थीं। एसडीआरएफ जवानों ने घटनास्थल के आसपास तलाश शुरू की। सर्च अभियान के दौरान घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर सहज पुत्री गुलशन बवेजा घायल अवस्था में मिली।
एसडीआरएफ जवानों ने घायल युवती को सुरक्षित बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द किया। इसके बाद टीम ने अन्य दो लोगों की तलाश जारी रखी। तेज बहाव और खराब मौसम के बीच जवानों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ टीम ने अक्षय और दूसरी युवती का शव बरामद कर लिया। दोनों शवों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। हादसे में घायल युवती को उपचार के लिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी है।
हादसे के बाद इलाके में हडक़ंप मच गया। तेज बारिश और पानी के बहाव के बावजूद एसडीआरएफ के जवान पूरी रात सर्च एवं रेस्क्यू अभियान में जुटे रहे। पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
देहरादून में प्रेमनगर कार बहाव में दो शव बरामद
40 views
📧 Sandhyadeep Newsletter
नई और महत्वपूर्ण खबरें सीधे अपने ईमेल पर पाएं।
Subscribe करने के बाद confirmation email आएगा।







